अलवर के नीमराणा के पास औद्योगिक क्षेत्र के माधोसिंहपुरा गांव की फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार काे दिनदहाड़े फायरिंग हुई। यहां 8-10 हथियारबंद बदमाश एक युवक का अपहरण करने पहुंच गए। युवक का जीजा बचाने पहुंचा तो हथियार लहराते हुए उससे 2 लाख रुपए महीने देने की धमकी दी। फिर कार और बाइकों से फरार हो गए। घटना के कुछ ही मिनट बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने दो संदिग्ध गिरफ्तार किए हैं। जल्दी मामले का खुलासा हो सकता है।
घटना भी नीमराना पुलिस थाने की है। बोरवेल एनएस बोरवेल के मालिक नरदेव यादव निवासी बिचपुरी ने तीन नामजद बदमाशों सहित 8-10 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इसमें बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे उसका साला मोनू यादव निवासी जौनायचा-खुर्द गेस्ट हाउस के ऑफिस में बैठा था। तभी एक कार और दो बाइक पर 8-10 बदमाश हथियार लेकर अंदर घुस गए। यहां से मोनू को मारपीट करते हुए ऑफिस के बाहर ले आए। अपहरण कर ले जाने का प्रयास करने लगे। उसने विरोध किया तो दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने 4 राउंड फायर किए। आसपास के लोग बाहर निकले तो हथियार लहराते हुए धमकाने लगे।
इतनी देर में नरदेव वहां पहुंचा और मोनू को बचाने का प्रयास किया। बदमाशों ने उससे दो लाख रुपए हर माह देने के लिए धमकाया। बदमाशों ने कहा कि हर महीने रंगदारी नहीं दी तो जान से मार देंगे। नरदेव ने जैसे-तैसे मोनू को छुड़ाया। इसके बाद बदमाश बाइक और कार में सवार हो पुलिस थाने वाले मार्ग की ओर से फरार हो गए। शिकायत में नामजद आरोपी नरसी गुर्जर, कमलेश गुर्जर और यूवी काली पहाड़ी गांव के निवासी बताए गए हैं।
5 मिनट बाद ही पुलिस काे जानकारी दी
नरदेव ने बताया कि वारदात के 5 मिनट बाद ही पुलिस को घटना की जानकारी फोन पर दे दी थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कराने का दावा भी किया है। हालांकि वारदात में शामिल कोई बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगा। पूरी वारदात गेस्ट हाउस के सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसमें युवक खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहा है। गौरतलब है कि क्षेत्र में बदमाश लगातार फायरिंग सहित वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस उन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।